एटा। नोएडा में कार चालक की नौकरी करने वाले युवक की पत्नी उसके काम-धंधे और तनख्वाह से संतुष्ट नहीं थी। उसने पति से दूरी बना ली। पत्नी की खुश करने के लिए युवक ने नोएडा में पार्किंग से कार चोरी की और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पत्नी के पास गांव पहुंच गया। उसने पत्नी को अपनी कमाई से खरीदी बताकर पत्नी को खुश कर दिया मगर नोएडा पुुलिस सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंच गई। उसे गिरफ्तार करके ले गई। अब पूरे गांव में इसकी चर्चा है।
एटा के बागवाला क्षेत्र के सोनसा गांव निवासी अरुण नोएडा के सेक्टर-63 स्थित छिजारसी में किराए के मकान में रहकर चालक की नौकरी करता है। मामला 12 सितंबर का है। गाजियाबाद निवासी एक टैटू आर्टिस्ट युवती नोएडा के सेक्टर-18 स्थित कार पार्किंग में कार खड़ी कर गई थी। वह लौटी तो कार गायब मिली। शिकायत के बाद सेक्टर-20 थाना पुलिस ने जांच शुरू की। छानबीन में अरुण का नाम सामने आया। थाना बागवाला पुलिस ने बताया कि घटना के बाद अरुण ने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया था और अपनी बहन के घर कन्नौज चला गया। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से उसे तलाश लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की कार बरामद हुई, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी, जबकि असली नंबर प्लेट डिकी में रखी मिली। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पत्नी से विवाद चल रहा था। वह पत्नी को मनाकर रिश्ते में सुधार करना चाहता था। इसलिए वह गाड़ी चोरी करके पत्नी को मनाने पहुंचा था। पत्नी को उसने चोरी की कार को अपनी खरीदी हुई बताया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी बागवाला ओपी सिंह ने बताया कि आरोपी को कन्नौज से पकड़ा गया है। वह नोएडा में ही रहता था। यहां कभी-कभी आता था। सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि पूरा मामला नोएडा जिले का है।