संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सोमवार को चिकित्सकीय सेवाएं ठप पड़ी रहीं। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। डाक्टरों और स्टाफ की हड़ताल के चलते मरीज भटकते रहे।
शहर के जिला अस्पताल में अधिकतर डाक्टर और स्टाफ संविदा कर्मचारी हैं। सेहत का पूरा दारोमदार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों पर ही टिका है। सोमवार को संविदा कर्मचारियों की हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। जिला अस्पताल में डाक्टरों के न बैठने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि नियमित डाक्टरों ने ओपीडी में मरीजों को देखा, लेकिन अधिकतर विशेषज्ञ चिकित्सक हड़ताल के चलते नदारद रहे। वहीं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने लखनऊ में आयोजित धरना-प्रदशर्न में प्रतिभाग किया। जिलाध्यक्ष डा. रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्यकर्मी जुटे हुए हैं। धरने में हजारों की संख्या में स्वास्थ्यकर्मी शामिल हुए।
सीएमओ ने देखे मरीज
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरसी पांडेय ने ओपीडी में मरीज देखे। इस दौरान उन्होंने वायरल और मलेरिया के मरीजों की जांचकर परामर्श दिया। सीएमओ ने करीब 50 मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण किया।