एटा। सुनहरी नगर में मोबाइल ट्रांसफॉर्मर से करंट लगने से बालक की मौत के मामले में जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) को पत्र भेजकर घटना की जवाबदेही तय करने और जांच टीम गठित कर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
डीएम ने पत्र में कहा कि विद्युत निगम के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद इस तरह के हादसे लगातार हो रहे हैं, जो गंभीर लापरवाही का संकेत हैं। उन्होंने मंगलवार शाम सुनहरी नगर में हुए हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदारी तय करना जरूरी है।
जिलाधिकारी ने एमडी से पूरे प्रकरण की जांच कराकर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। साथ ही विद्युत तंत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर सुधारात्मक कदम उठाने को भी कहा है। डीएम ने स्पष्ट किया कि लापरवाही के कारण होने वाले हादसों को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।