एटा। डीएम अरविंद सिंह ने मंगलवार को रेलवे रोड स्थित विद्युत नगरीय वितरण खंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, बिल भुगतान व्यवस्था व उपभोक्ता शिकायत निस्तारण तंत्र की विस्तार से करते हुए शिकायतों के समाधान के दिए कड़े निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने बिल भुगतान काउंटरों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कर्मचारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। मौके पर मौजूद एसडीओ दिलीप कुमार भारती ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रीपेड प्रणाली की जगह एक बार फिर पोस्टपेड व्यवस्था पुन लागू कर दी गई है। अधिकांश उपभोक्ता अब ऑनलाइन माध्यम से बिल भुगतान कर रहे हैं जिससे पारदर्शिता व सुगमता दोनों में वृद्धि हुई है। अधीक्षण अभियंता सत्यनारायण ने जिलाधिकारी को बताया कि संबंधित फीडर के माध्यम से जीटी रोड, रेलवे रोड, माल गोदाम, शांति नगर सहित सभी नगरीय क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति नियमित रूप से संचालित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।