नवागत सह जिला विद्यालय निरीक्षक सुजीत सिंह का स्वागत करते जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत स
एटा। जिले में वर्ष 2020 के बाद पहली बार सह जिला विद्यालय निरीक्षक (एडीआईओएस) के पद पर नियमित नियुक्ति होने से शिक्षा विभाग में उत्साह का माहौल है। नवागत एडीआईओएस सुजीत कुमार ने पदभार ग्रहण कर लिया है। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने उनका स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं और विभागीय कार्यों की जानकारी प्रदान की।
वर्ष 2020 से जिले में एडीआईओएस का पद रिक्त पड़ा हुआ था। पद खाली होने के कारण विभागीय कार्यों का संचालन प्रभार व्यवस्था के तहत किया जा रहा था। राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एडीआईओएस का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, जिससे प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में अतिरिक्त जिम्मेदारियां निभानी पड़ रही थीं। नवागत एडीआईओएस सुजीत कुमार के आगमन से विभागीय कार्यों में तेजी आने और विद्यालयों से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं निरीक्षण कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
डीआईओएस डॉ. इंद्रजीत सिंह ने कहा कि एडीआईओएस के पद पर नियुक्ति होने से शिक्षा विभाग की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा शिक्षण संस्थानों के संचालन एवं अनुश्रवण कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित किया जा सकेगा। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी नवागत अधिकारी का स्वागत किया।