उत्तर प्रदेश के एटा में रविवार की देर शाम एक हजार रुपये के लिए ईंट से कूचकर युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। घटना से गांव में तनाव का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करके जानकारी ली।
घटना सकीट थाना क्षेत्र के काजी मोहल्ला की है। यहां के निवासी मोहम्मद एजाज ने बताया कि उनके भतीजे अजहर से मोहल्ला के ही मुकीद ने एक हजार रुपये उधार लिए थे। अजहर ने उधार दिए पैसे वापस मांगे तो मुकीद गाली-गलौज करने लगा। उसने अजहर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
ईंट से सिर पर किए वार
बताया कि मारपीट देखकर भाई मोहम्मद फिराज (40) बीच-बचाव करने लगा। इसी बीच मुकीद ने ईंट उठाकर फिराज के सिर पर वार किए। इससे वह लहूलुहान होकर वहां गिर गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हम लोग फिराज को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आपसी कहासुनी के बाद हुआ झगड़ा
सूचना पर एसएसपी उदय शंकर सिंह, एएसपी धनंजय कुशवाहा और सीओ संगम मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सीओ ने बताया कि बच्चों के विवाद और आपसी कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ है। इस दौरान सिर में ईंट लगने से युवक की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है।