आगरा रोड स्थित सिंचाई विभाग कार्यालय पर धरने पर बैठे इलेक्ट्रिकल एंड मैकेनिकल डिप्लोमा इंजीनिय
एटा। इलेक्ट्रिकल एंड मैकेनिकल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ सिंचाई विभाग के सदस्यों ने मंगलवार को दो दिवसीय धरना अधिशासी अभियंता नलकूप खंड कार्यालय के बाहर शुरू किया। अपनी मांगों के प्रति विभाग के रवैये पर नाराजगी जताई।
जिलाध्यक्ष इं० नीरज उपाध्याय ने विभाग पर लंबित सेवा संबंधी समस्याओं के निस्तारण में रुचि न लेने का आरोप लगाया। कहा कि जूनियर इंजीनियर्स के स्थायीकरण, वरिष्ठता सूची जारी करने, वर्ष 2024–25 और 2025–26 की रिक्तियों के अनुसार अवर अभियंता से सहायक अभियंता पद पर प्रोन्नति आदि समस्याएं वर्षों से लंबित हैं। अधिशासी अभियंता अवर अभियंता पर नियम विरुद्ध कार्य कराने का दबाव बनाते हैं जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
जिला सचिव इं. शिवओम शर्मा ने बताया कि मध्य सत्र में पटल परिवर्तन, गोपनीय चरित्र पंजियों को मानव सम्पदा पोर्टल पर अपलोड न किया जाना आदि समस्याएं भी जस की तस बनी हुई हैं जिसके चलते नलकूपों के रखरखाव पर असर पड़ रहा है। संजय कुमार गर्ग, धीरेंद्र सिंह सोलंकी, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र पाल सिंह, अतुल कुमार यादव, ओमप्रकाश, साजिद परवेज ने भी विचार रखे। बताया कि दो दिवसीय धरना समाप्त होने के बाद मांगों की समीक्षा कर प्रमुख अभियंता कार्यालय पर धरने का नोटिस भेजा जाएगा। समस्याओं का समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।