पानी में डूबकर दो मासूम सहित पांच की मौत
- फोटो : अमर उजाला
अलग-अलग जगह पर नहर और तालाब में डूबकर दो मासूम समेत पांच लोगों की मौत हो गई। बागवाला क्षेत्र में खेलते-खेलते मासूम भाई-बहन नहर के पानी में डूब कर मौत हो गई। दूसरी तरफ लापता दो दोस्तों के शव अरिंद नदी में मिले। भैंस को नहलाते समय दो भाई डूब गए। एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच निकला। मृतक परिवारों में हमेशा के लिए रक्षाबंधन की खुशियां काफूर हो गई हैं।
हादसा-1
टूटा रक्षा सूत्र का धागा, नहर में डूबकर भाई-बहन की मौत
एटा। थाना बागवाला के गांव नगला मढ़िया निवासी चंद्रवीर का छह वर्षीय बेटा जुगेंद्र तथा पांच वर्षीय बेटी लक्ष्मी सोमवार देरशाम घर के बाहर खेल रही थी। जबकि मां और दादी खेत में घास लेने गए थे। खेलते-खेलते भाई-बहन बेवर फीडर नहर पर जा पहुंचे और डूब कर मौत हो गई। तीन घंटे बाद बच्चों के शव तैरते हुए करीब एक किमी दूर चला गया। ग्रामीणों ने देखा तो आसपास के गांवों में सूचना दी। वहीं परिवारीजनों को बालक घर पर नहीं दिखे तो वे भी मौके पर पहुंच गए। अचानक दोनो बच्चों के शव देख परिवारीजनाें कोहराम मच गया। परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए बिना शवों का अंतिम संस्कार कर दिया है। खास बात यह है कि चंद्रवीर के घर में केवल एक मासूम बच्ची बच्ची है जबकि दो बच्चों की पानी में डूब कर मौत हो चुकी हैै।
हादसा-2
लापता बच्चों के शव अरिंद नहर में मिले, परिवार में कोहराम
एटा। निधौलीकलां के गांव नगला पोखर निवासी नेकराम का दस वर्षीय बेटा गोविंद और मानपाल का बारह वर्षीय बेटा रिषि विगत 14 अगस्त को घर पर बिना बताए चले गए थे। गांव भोपतपुर के पास अरिंद नहर में कपड़े उतारकर नहाते वक्त दोनों बच्चे डूब गए। देर रात तक जब बालक घर नहीं लौटे परिवारीजनों तलाश किया। सोमवार को बच्चों के कपड़े नदी के पास पड़े मिले। इस पर बच्चों की तलाश की तो दोनो के शव बरामद हुए।
चचेरे भाई तालाब में डूबे, एक की मौत
एटा। कोतवाली देहात के गांव चांदपुर जिंदाहार निवासी राजकपूर (14) पुत्र बदन सिंह अपने चचेरे भाई छोटे के साथ तालाब पर सोमवार सुबह भैंस नहला रहा था। अचानक दोनों का पैर फिसल गया। इसके चलते राजकपूर तालाब में डूब गया, जबकि छोटे बमुश्किल बाहर निकल आया। चीखपुकार की आवाज सुनकर पहुंचे परिवारीजनों ने राजकपूर को तालाब से बाहर निकालकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। किशोर की अचानक मौत से परिवारीजनाें में कोहराम मच गया है।