भरगैन में नहाते समय तीन बालकों की डूबकर मौत हो गई। बालकों के शव गोताखोरों ने तालाब से बाहर निकाल लिए। बच्चों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। उपजिलाधिकारी पटियाली एवं थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली।
मोहम्मद समीर (10), मोहम्मद आसिफ (9) पुत्र इजरायल, आसिफ (10) पुत्र शमशाद, जुबेद(10) पुत्र होशियारी निवासी मोहल्ला भीकम थोप भरगैन कस्बे में ही तालाब के किनारे खेलने के लिए चले गए। खेलते-खेलते तीनों नहाने के लिए तालाब में उतर गए। नहाते समय तीनों गड्ढे में फंस कर डूबने लगे तो उन्होंने बचाव के लिए चीख पुकार मचा दी। बाहर रहते जुबेद ने जब यह हादसा देखा तो वह दौड़कर अपनी बस्ती में पहुंचा। उसने मामले की जानकारी बच्चों के परिवारीजनों को दी। जानकारी मिलने पर परिवारीजन एवं अन्य लोग मौके पर पहुंच गए लेकनि तब तक तीनों बच्चे तालाब में डूब चुके थे। गोताखोरों ने तीनों की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद तीनों के शव गड्ढों से बाहर निकाले गए। बच्चों के शव आते ही परिवारीजन बिलख पड़े। मामले की सूचना थाना पुलिस एवं तहसील प्रशासन को दी गई। सूचना पर एसडीएम परवेज आलम, कानूनगो सत्यवीर सिंह, लेखपाल कान सिंह एवं थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। शवों को परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया।