मंचानगला गांव में रविवार को सुबह तीन सगे भाई अपने खेत का नलकूप का बोरिंग ठीक करते वक्त मिट्टी ढाय गिरने से दब गए। दो भाईयों को तो बचा लिया गया, लेकिन तीसरे भाई की गहराई में दबे होने के कारण मौत हो गईं। युवक की मौत से परिवार व गांव में कोहराम मच गया।
नगला मंशा में अजयपाल के खेत में लगे नलकूप खराब हो गया था। बोरिंग सही करने के लिए उनके तीनों पुत्र जितेंद्र (22), गजेंद्र (20) एवं राजेंद्र (17) बोरिंग को सही करने के लिए पहुंचे। उन्होंने नलकूप की खोदाई भी कर रखी थी। गजेंद्र नलकूप में 23 फुट गहराई में मरम्मत का काम कर रहा था। जितेंद्र व रवेंद्र ऊपर की ओर थे। उसी समय ढाय की मिट्टी खिसक गई और तीनों ही भाई उसमें दब गए। गजेंद्र की आवाज भी बाहर तक नहीं आई। केवल जितेंद्र और रविंद्र की चीख ही लोगों को सुनाई दी। दोनो भाईयों ने स्वयं भी कवायद की और मौके पर पहुंचे अन्य ग्रामीणों ने उन्हें निकालने में दोनों की मदद की। दोनो भाई मिट्टी से बाहर निकल आए, लेकिन तीसरा भाई गजेंद्र गहराई में दबा रह गया। पूरे गांव में दुर्घटना की खबर तेजी से फैली। ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। आनन फानन में ग्रामीणों ने बचाव का काम शुरू कर दिया। पास के ही एक ईंट भट्ठे पर काम में लगी जेसीबी को मौके पर लाया गया। एक मशीन से खोदाई काम शुरू किया, लेकिन बात नहीं बनी। एक घंटे के बचाव कार्य का कोई परिणाम सामने नहीं आया तो गंजडुंडवारा पुलिस ने दो अन्य जेसीबी और मंगाई। तीन जेसीबी से बोरिंग के आस-पास के इलाके की मिट्टी खोद कर चौड़ा गहरा गड्ढा बनाया गया। इसके बाद ग्रामीण गजेंद्र तक पहुंचे, उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गजेंद्र का शव निकलते ही चीत्कार मचने लगा। इस दौरान नगला मंशा सहित आस-पास के गांव के ग्रामीण मौके पर डटे हुए थे।
न राजस्व टीम थी और न स्वास्थ्य टीम
कासगंज(ब्यूरो)। नगला मंशा के हादसे के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम की तत्काल आवश्यकता थी। लेकिन कोई भी टीम नगला मंशा में मौके पर नहीं पहुंची। न ही पटियाली की राजस्व टीम मौके पर पहुंची थी। केवल थाना पुलिस ही इस राहत कार्य को कराती नजर आई।
नाशी ने दी सांत्वना
कासगंज(ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी की नेता पैक्सफेड की डायरेक्टर नाशीखान ने अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारीजनों को सांत्वना दी। नाशी ने कहा कि वह मृतक आश्रित को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए शासन व प्रशासन से बात करेंगी।