एटा। शहर के वर्मा नगर में घर-घर में लोग बुखार की चपेट में हैं। बेहतर इलाज के लिए लोग आगरा से लेकर नोएडा तक दौड़ लगा रहे हैं। कुछ घरों में सभी सदस्य बीमार हैं। घरों में ताला डालकर यह लोग इलाज कराने को मजबूर हैं।
वर्मा नगर में दस हजार की आबादी में डेंगू के वायरस से करीब 40 फीसद लोग पीड़ित हैं। मोहल्ले के गली नंबर छह का बुरा हाल है। प्लाट व सड़कों पर जलभराव डेंगू बुखार को न्यौता दे रहा है। तीन घर ऐसे हैं जिनका पूरा परिवार डेंगू बुखार से ग्रसित है। एक सप्ताह से पूरा परिवार आगरा में इलाज करा रहा है।
सीएमओ व ईओ ने नहीं कराया दवा का छिड़काव
वर्मा नगर के लोगों का आरोप है उन्होंने सीएमओ सहित ईओ को प्रार्थना पत्र देकर दवा छिड़कवाने की मांग की थी। स्वास्थ्य विभाग से भी शिविर लगाने की गुहार लगाई थी। लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
इन मरीजों का चल रहा इलाज
मोहल्ले की शीतला देवी, मोहिनी, हर्ष यादव, रजनी, विभू, खुशी, मुस्कान, नागेंद्र, अरविंद व सुरजीत के पूरे परिवार का इलाज आगरा में चल रहा है। वहीं रामनिवास, ऊषा का इलाज नोएडा में चल रहा है।
जांच में आठ में मिले लक्षण
जिला अस्पताल में शनिवार को डेंगू की जांच के लिए 50 मरीज पहुंचे। एमपी नगर निवासी मीना, कटरा मोहल्ला निवासी नवनीत, वघीपुर निवासी सुमन, विजयपुर निवासी रोहित, ठंडी सड़क निवासी मीना, सुनहरी नगर निवासी राखी, पीपल अड्डा निवासी अनीता व चित्रगुप्त कालोनी निवासी रोहिताश में डेंगू के शुुरुआती लक्षण मिले। सभी के परिजन मरीजों को लेकर शहर के नर्सिग होम और आगरा चले गए।
मोहल्ले के लोगों का कहना
पूर्व सभासद हर्ष यादव का कहना है। मोहल्ले के अधिकांश घरों में बुखार से पीड़ित लोग हैं। मोहल्ले में अब तक न फॉगिंग नहीं कराई गई और न ही कैंप लगाया गया।
सुलोचना का कहना है यहां नालियों में गंदगी भरी रहती है। पालिका का कोई कर्मचारी साफ-सफाई को नहीं आता है। मोहल्ले में मच्छरों का आतंक है।
मोहल्ला निवासी सत्यपाल ने बताया यहां प्रत्येक घर में कोई न कोई बुखार से पीड़ित है। साफ सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। ईओ को फॉगिंग कराने को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन अब तक नहीं कराई गई।
गली नंबर छह निवासी प्रेमवती ने बताया कि उनके यहां तीन लोग बुखार से पीड़ित है। डॉक्टर ने डेंगू बताया है। शहर में उनका इलाज चल रहा। प्लाट में पानी भरे रहने के कारण मच्छर बहुत हैं।
वर्जन
पालिका से रिपोर्ट मिलने पर वर्मा नगर में दवा का छिड़काव करा दिया गया है। सोमवार को मोबाइल यूनिट एंबूलेंस को भेजकर मोहल्ले में स्वास्थ्य कैंप लगाया जाएगा। फॉगिंग भी कराई जाएगी।
डॉ. अजय अग्रवाल सीएमओ