एटा। जिले में डेंगू के लक्षण वाले मरीजों की संख्या में प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। बावजूद जिले में किट से ही डेंगू मरीजों की जांच कर लक्षण के आधार पर इलाज किया जा रहा है, जबकि डेंगू की मरीज में पुष्टि के लिए उसके सैंपल जांच के लिए अलीगढ़ नहीं भेजे जा रहे हैं। इस पर शासन ने नाराजगी जताई है। इसी को लेकर सीएमओ ने सभी सीएचसी-पीएचसी अधीक्षकों को पत्र भेजा है। इसमें निर्देश दिए हैं कि डेंगू के लक्षण वाले मरीजों के सैंपल जांच के लिए अलीगढ़ भेजे जाएं।
जिले में बुखार से पीड़ित बड़ी संख्या में मरीज जिला अस्पताल सहित सीएचसी व पीएचसी पर पहुंच रहे हैं। जहां चिकित्सकों द्वारा डेंगू की किट से मरीजों की जांच कर लक्षण मिलने पर उनका उपचार शुरू कर दिया जाता है। जबकि डेंगू की पुष्टि के लिए सीएचसी, पीएचसी सहित जिला अस्पताल से भी सैंपल अलीगढ़ नहीं भेजे जा रहे हैं। इस पर सीएमओ ने सीएचसी और पीएचसी के अधीक्षकों सहित जिला अस्पताल पुरुष व महिला के सीएमएस को पत्र लिखकर सैंपल जांच के लिए अलीगढ़ भेजने के निर्देश दिए हैं।