अलीगंज। आठ दिन पहले दलित युवती पर हुए हमले के मामले में पीडीए सेना के कार्यकर्ताओं ने सभी हमलावरों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। पुलिस उपाधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए कार्यकर्ताओं ने पीड़ित युवती के बताने पर भी पुलिस द्वारा सभी हमलावरों को नामजद न करने का आरोप लगाया है।
पुलिस उपाधीक्षक को सौंपे ज्ञापन में राष्ट्रीय पीडीए सेना के कार्यकर्ताओं ने बताया कि 6 जनवरी को क्षेत्र के गांव नगरिया में एक दलित युवती पर खेत पर शौच जाते समय गांव के कुछ युवकों ने हमला कर दिया। हमले में युवती के एक हाथ की उंगली कट गई। शोर सुनकर परिजन के पहुंचने पर हमलावर भाग गए। पुलिस को सूचना देते हुए युवती को अस्पताल ले जाया गया।
युवती के बताए जाने पर भी पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी में सभी हमलावरों को नामित नहीं किया है। पीडीए सेना के कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सभी हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में गोविंद सिंह, अनूप कश्यप, आकाश, सुखवीर, राजकुमार, सर्वेश कश्यप, मोहित, लक्ष्मण, सुरजीत आदि हैं।