गंजडुडवारा (कासगंज)। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को थाना गंज डुडुवारा के
गांव नगला कछियान में दबिश दी और तीन लुटेरों को हिरासत में लिया है। इनकी
निशानदेही पर पुलिस ने करोड़ों रुपये कीमत के साफ्टवेयर और अन्य सामान समेत
एक ट्रक को भी बरामद किया है। कंटेनर लूटने के बाद सामान को इसी ट्रक में
लादकर ये लोग कासगंज लाए थे।
बता दें, मंगलवार को दिल्ली से नोएडा सेक्टर 81 जा रहे कंटेनर को बदमाशों
ने थाना सरिता विहार क्षेत्र में लूट में लिया था। लूटे गए कंटेनर में लगभग
26 करोड़ रुपये कीमत के सैमसंग कंपनी के साफ्टवेयर और अन्य सामान था। इस
मामले में दिल्ली पुलिस को एक चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगी और उस पर
पुलिस ने उस पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। इंसपेक्टर सरिता विहार वीरेंद्र
सिंह राणा ने बताया कि सर्वलांस के माध्यम से लुटेरों की लोकेशन कासगंज
मिली। इसके बाद पुलिस ने गुरुवार को गंजडुडवारा के नगला कछियान में दबिश
देकर कार्रवाई की। दिल्ली पुलिस ने यहां से प्रमोद कुमार निवासी गांव
नूरपुर, थाना सिढ़पुरा के गांव अनंगपुर निवासी प्रमोद और विनोद गिरफ्तार कर
लिया। पुलिस सामान समेत तीनों आरोपियों को दिल्ली ले गई।