एटा। थाना मिरहची क्षेत्र के कासगंज रोड हाईवे स्थित गांव सिंधावली के पास सोमवार की सुबह करीब 6 बजे हादसा हो गया। इस हादसे में टहलने के लिए घर से निकले सुनील कुमार (45) निवासी सिंधावली की मौत हो गई। परिजन ने बताया कि रोजाना की भांति सोमवार को भी टहलने के लिए घर से निकले थे। तभी किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसकी वजह से गंभीर रूप से घायल हो गए, मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे तो डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में मौत होने की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया, शव को मोर्चरी में रखवा दिया। यहां पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और सुबह जल्द टहलने नहीं जाने को लेकर चर्चाएं होती रहीं। हांलाकि ग्रामीणों का कहना है कि वह शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए ही सुबह टहलने जाते थे और पूरी तरह से स्वस्थ थे। प्रभारी निरीक्षक सुभाष बाबू ने बताया कि टहलने निकले व्यक्ति की हादसे में सोमवार की सुबह मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और तलाश कराई जा रही है।
मुख्य मार्गाें पर टहलने से बचें
एआरटीओ सतेंद्र सिंह ने बताया कि हाईवे और मुख्य मार्गाें पर सुबह टहलना खतरा बना रहता है। चालक वाहन चलाकर लाते हैं और सुबह के समय नींद के झोके आते हैं। लोगों को मुख्य मार्गाें पर टहलने से बचना चाहिए, गलियों व अन्य रास्तों पर टहलने से सुरक्षित रहा जा सकता है। अगर फिर भी हाईवे और मुख्य मार्गाें पर टहलने व दौड़ने जा रहे हैं तो सड़क से दूर पटरी पर ही चलें ताकि सुरक्षित रह सकें।