एटा। बरेली के एक व्यक्ति की मौत हो गई, उसकी बेटी ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने के बाद जैथरा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मूल रूप से कस्बा जैथरा निवासी संजय गुप्ता (55) की बीमारी के चलते बृहस्पतिवार देर शाम मौत हो गई। इनकी मौत होने पर बरेली निवासी बेटी काजू गुप्ता ने हत्या करने की आशंका जताई। थानाध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि संजय गुप्ता बरेली स्थित अपनी ससुराल में लंबे समय से रहते आ रहे थे। पिछले वर्ष कोरोना के चलते पत्नी की मौत हो गई, जिसके बाद से वह भी बीमार रहने लगे। इनकी एक ही बेटी है जो ठीक से देखभाल नहीं कर पा रही थी।
तब संजय गुप्ता ने कस्बा जैथरा में रहने वाले अपने दोस्त विजय सिंह गुप्ता को याद किया। बीमारी में विजय सिंह ने दोस्त का साथ दिया और जिला बदायूं के कस्बा सहसवान के एक निजी चिकित्सक से इलाज शुरू करा दिया। संजय ने कस्बा जैथरा में ही उनका दाह संस्कार करने की इच्छा जाहिर की थी। थानाध्यक्ष का कहना है कि बृहस्पतिवार को सहसवान में मौत होने पर विजय सिंह ने बेटी काजू गुप्ता को सूचना दी और शव को लेकर जैथरा आ गए। काजू गुप्ता ने पिता की हत्या करने की आशंका जताई तो शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्टअटैक से मौत होने की पुष्टि हुई है।