एटा। एक मूक-बधिर युवती वन स्टाॅप सेंटर प्रभारी व पुलिस के प्रयासों से परिजन को सकुशल सौंप दी गई। बेटी को पाकर माता-पिता खुश थे। युवती 14 अगस्त को कोतवाली देहात के गांव मानपुर के पास मिली थी।
वन स्टाॅप सेंटर प्रभारी जागृति चतुर्वेदी ने बताया कि 14 अगस्त को जानकारी मिली कि गांव मानपुर के पास एक मूक-बधिर युवती घूम रही है। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात प्रभारी जेके गौतम वहां पहुंचकर युवती को सेंटर पर लाए। तमाम प्रयासों से 17 अगस्त को पता चला कि युवती का नाम नंदनी है और वह कानपुर नगर की रहने वाली है।
परिजन उसको ढूंढ़ते हुए यहां पहुंचे और बेटी के सकुशल देखकर काफी खुश हुए। प्रभारी के अनुसार कागजी कार्रवाई व अन्य पहचान संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद सोमवार को युवती को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।