एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में अलीगंज तिराहा के सामने एक युवक का शव शुक्रवार की दोपहर पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने पहचान कराने के प्रयास किए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अधिक मात्रा में या जहरीली शराब पीने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
शहर का अलीगंज तिराहा और हिंदूनगर कच्ची शराब बनाकर बिक्री करने के लिए बदनाम रहा है और वर्तमान में भी ऐसा हो रहा है। लोग सस्ते नशे के चक्कर में हिंदूनगर से शराब खरीदकर लत को पूरा करते हैं। यहां शराब बनाने का कोई मानक नहीं है। नशा तीव्र करने के लिए तमाम तरह के केमिकल का उपयोग किया जाता है। जो काफी खतरनाक होते हैं। जिस जगह पर शव पड़ा मिला है, उसके आसपास भी कच्ची शराब अधिक मात्रा में बिक्री की जाती है।
आशंका जताई जा रही है कि अधिक एल्कोहल वाली शराब पीने के बाद युवक बेहोश हो गया और अधिक सर्दी में पड़े रहने की वजह से मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी निर्दाेष सिंह सेंगर ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष है। पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। युवक जिस स्थिति में पड़ा मिला है, ऐसा लग रहा है कि वह शराब के नशे में था। लेकिन मौत की वजह की सही पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।