एटा/जलेसर। मारपीट के मुकदमा की जांच करने के गए दरोगा पर आरोपियों ने पथराव कर हमला कर दिया। दरोगा के साथ अभद्रता कर मारपीट की गई। दरोगा और सिपाही अपनी जान बचाकर भागने लगे तो दरोगा को पकड़ लिया। दरोगा की पिटाई करने के बाद आरोपी भाग गए। बाद में गांव पहुंची पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया है।
थाना जलेसर के गांव राजा रामपुर गुडा निवासी वीरेन्द्र की पत्नी एवं मां के बीच विवाद हो गया था। वीरेन्द्र अपनी ननिहाल में रहता है। मामा सत्यपाल, पूरन सिंह, जितेन्द्र, सरला देवी आदि ने वीरेन्द्र की लाठी डंडों से पिटाई कर दी थी। जिस पर वीरेन्द्र ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। इस मामले की जांच करने के लिए दरोगा देवेन्द्र सारस्वत शनिवार की दोपहर बाद राजा रामपुर गुडा पहुंचे थे।
सत्यपाल के मकान पर पुलिसकर्मी पहुंचे तो आरोपियों ने ईंट-पत्थरों से उन पर पथराव करना शुरू कर दिया। पथराव होते ही सिपाही भाग खड़े हुए। दरोगा को आरोपियों ने पकड़ लिया और अभद्रता करते हुए मारपीट की गई। पथराव में दरोगा की आंख के पास पत्थर लगने से चोट भी लग गई थी। वहीं एक कांस्टेबल के भी पत्थर लगा। पुलिस पर पथराव और मारपीट की खबर मिलते ही प्रभारी निरीक्षक एमएस भाटी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। तबतक आरोपी मकानों में ताला लगाकर भागने लगे, लेकिन दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। मामले की रिपोर्ट घायल दरोगा देवेंद्र सारस्वत ने दर्ज कराई है।
आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मारपीट के मामले में दरोगा सहित पुलिसकर्मी जांच करने पहुंचे थे, तभी आरोपियों द्वारा पथराव कर अभद्रता की गई और सरकारी कार्य में बाधा डाली गई। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है और दो आरोपी पकड़ लिए गए हैं।
-सुनील कुमार सिंह, एसएसपी