एटा। थाना जैथरा क्षेत्र स्थित गांव अंगरैया के पास बाइक की टक्कर से साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं 21 जून को हादसे में घायल एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य हादसों में पांच लोग घायल हुए हैं, जिनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार देर शाम गांव अंगरैया निवासी दुर्वेश सिंह (50) की मौत हुई है। मृतक के भाई बृजकिशोर ने बताया कि दुर्वेश साइकिल से घर लौट रहे थे तभी बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको जिला अस्पताल लेकर आए। यहां हालत नाजुक होने पर आगरा रेफर कर दिया। इलाज को ले जाते समय टूंडला के पास मौत हो गई। इसके बाद शव को लेकर जिला अस्पताल आ गए और पुलिस को खबर दी।
21 जून को हादसे में घायल सतीश कुमार (34) पुत्र मुंशीलाल निवासी नौपती थाना सहावर जिला कासगंज की इलाज के दौरान मौत हुई है। परिजनों ने बताया कि जिला व थाना कासगंज क्षेत्र स्थित गांव नदरई के पास हादसे में सतीश घायल हो गया था। इसको अलीगढ़ इलाज के लिए लेकर गए। यहां लाभ मिलने पर घर ले आए। रविवार रात तबियत खराब होने पर एटा में एक निजी अस्पताल में लाए। जहां सोमवार देर शाम मौत हो गई।
वहीं थाना मलावन क्षेत्र स्थित गांव पथरऊआ के पास कैंटरों की भिड़ंत में दोनों के चालक हीमैन निवासी भक्तिगढ़ी थाना टूंडला जिला फिरोजाबाद और सोमवीर निवासी भगवानपुर थाना चंडौस जिला अलीगढ़ घायल हो गए। दोनों को गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर किया गया है। जबकि थाना रिजोर क्षेत्र के गांव बाकलपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार जगवीर निवासी सिंगपुर थाना रिजोर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसको जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया है। अन्य हादसे में रमेश व प्रवीन निवासी नगला जसराम थाना कोतवाली देहात घायल हुए हैं। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।