उत्तर प्रदेश के एटा में रविवार की सुबह करीब नौ बजे कैंटर ने साइकिल सवार को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। लोगों ने देखा तो भागकर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से बात करके घटना की जानकारी ली। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
मामला जैथरा थाना क्षेत्र के जरारी खुर्द गांव का है। गांव निवासी रजनेश कुमार (30) को कैंटर ने कुचल दिया। पिता ने बताया कि रजनेश साइकिल से अपनी ननिहाल गांव नगला केसरी जा रहा था। गांव ललहट के पास कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी। वह साइकिल सहित सड़क के बीच की तरफ गिर गया।
चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया
इस पर कैंटर का पहिया सिर के ऊपर से निकल गया। इसकी वजह से मौके पर ही मौत हो गई। रजनेश को एक बेटा और बेटी है। बेटा कक्षा सातवीं में पढ़ता है। प्रभारी निरीक्षक रामेंद्र शुक्ला ने बताया कि हादसा होने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है।