जलेसर। नगर में दरगाह पर शनि जात करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की जात कराने के नाम पर लूटा जा रहा है। जबरन उनकी जेब से पैसे निकाले जा रहे हैं। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं दूसरी ओर जात करने वाले चार श्रद्धालुओं के दरगाह के अंदर ही पर्स व कुंडल छिन गए। मौके पर पुलिस न होने पर चोर पकड़े नहीं जा सके।
शनिवार को हजारों की तादाद में श्रद्धालु जलेसर में बड़े मियां और छोटे मियां की दरगाह पर शनि जात करने के लिए आए थे। दूसरी तरह मोहल्ला छत्ता स्थित दरगाह परिसर में जात कराने वाले लोगों द्वारा जायरीनों को जमकर लूटा-खसोटा गया। जबरन आस्था के नाम पर दरगाह में बैठे लोगों द्वारा श्रद्धालुओं की जेब से पैसे निकाल लिए गए। वहीं दूसरी ओर फिरोजाबाद के नगला बीच से आई उर्मिला देवी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ जात करने आई थी। बड़े मियां दरगाह के अंदर एक युवक ने उसके सोने के कुंडल छीन लिए। काफी शोर मचाने तथा मौजूद सिपाई से शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
ऐसी ही घटना मौहल्ला छत्ता स्थित छोटे मियां दरगाह पर एक महिला के कान काटकर उसके कुंडल उतार लिए। इसी के साथ फिरोजाबाद के सिरसांगज से आए श्रद्धालु नीरज ने बताया कि जात करने जब दरगाह के अन्दर गया तो किसी ने पीछे से मेरा पर्स ही निकाल लिया। मौके पर कोई पुलिस फोर्स की व्यवस्था न होने पर कोतवाली में तहरीर दी है। ओमप्रकाश ने बताया कि वह एटा से अपने परिवार के साथ जात करने आया था। भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात युवक ने जेब काटकर पैसे पार कर लिए।
चढ़ावे का हो रहा बंदरबांट
जात कराने वाले लोगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि खुलेआम चढ़ावे की राशि को अपने जेब में रख कर बंदरबांट कर रहे हैं। जबकि प्रशासन द्वारा दरगाह पर आने वाली चढ़ावे की धनराशि को इकट्ठा करने के लिए दानपात्र लगाए गए हैं।
वायरल हो रहे वीडियो की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। इस तरह से कोई दरगाह पर अवैध उगाही नहीं कर सकता है। अगर करता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। - रामनयन सिंह, एसडीएम