फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मगरमच्छ को गांव वालों ने मार डाला: रस्सी से बांधकर नुकीले हथियारों से किए वार, बेहद ही क्रूरता से ली जान

Mon, 05 Oct 2026 07:58 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, एटा

सार

एटा के नगला गलू गांव में घुसे मगरमच्छ को कुछ ग्रामीणों ने रस्सी से बांधकर नुकीले हथियारों से वार कर मार डाला। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
 
विज्ञापन
नगला गलू गांव में नुकीले हथियार से मगरमच्छ पर प्रहार करते ग्रामीण। स्रोत वीडियोग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एटा के गांव नगला गलू में शनिवार रात एक मगरमच्छ घुस आया। ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसी बीच कुछ लोगों ने मगरमच्छ को रस्सी से बांध दिया और बेरहमी से नुकीले हथियारों से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस क्रूरता का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तब वन विभाग को खबर हुई। विभाग ने कोतवाली देहात में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विज्ञापन

 
Trending Videos

घटना रात करीब 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि बेजुबान को मारने के बाद ग्रामीण उसके शव को गांव के बाहर सड़क किनारे जामुन के पेड़ के नीचे छोड़कर भाग गए थे। वायरल वीडियो जब वन विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा तो हरकत में आई टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ के शव को कब्जे में ले लिया।

 

तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम
वन विभाग के रेंजर केके जैन ने बताया कि तीन पशु चिकित्सकों के पैनल से मगरमच्छ का पोस्टमार्टम कराकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उन्होंने बताया कि किसी भी वन्यजीव को इस तरह मारना गंभीर अपराध है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मगरमच्छ को मारने वाले आरोपियों की पहचान की जा रही है।

 

बाघ के बराबर है मगरमच्छ को सुरक्षा
भारत में मगरमच्छ को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 की अनुसूची-1 के तहत रखा गया है। कानूनी तौर पर इसे बाघ, शेर और हाथी के बराबर ही सर्वोच्च श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। मगरमच्छ का शिकार करना, मारना या उसे नुकसान पहुंचाना एक गंभीर गैर जमानती अपराध है। इस मामले में दोषी पाए जाने पर तीन से सात साल तक की जेल और कम से कम 25 हजार रुपये जुर्माने का कड़ा प्रावधान है।


 
विज्ञापन

डीएफओ विपिन वर्मा ने बताया कि नगला गलू में शनिवार रात ग्रामीणों ने एक मगरमच्छ को मार डाला है। वन्यजीव की हत्या एक गंभीर अपराध है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें