एटा। प्रदेश में कानून व्यवस्था और अपराधों को लेकर किए गए सवाल पर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने सोमवार को यहां अजीब बयान दिया। बोले अपराध तो हमेशा से होते रहे हैं और होते रहेंगे। वहीं महंगाई के मुद्दे पर भी किसी तरह की राहत की बात न कर कहा कि हमारे यहां से ज्यादा महंगाई अन्य देशों में है।
कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद मंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में स्थिति बहुत अच्छी है। ललितपुर कांड के सवाल पर कहा कि जबसे सृष्टि बनी है, अपराध होते रहे हैं और होते रहेंगे। मुख्य बात यह है कि शासक की नियत अपराधियों के संरक्षण की है या दंड देने की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करते हैं।
गैस सिलिंडर पर मूल्यवृद्धि सहित अन्य वस्तुओं पर महंगाई के सवाल पर कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते कई वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई है। जिससे भारत ही नहीं, पूरी दुनिया में महंगाई बढ़ी है। अन्य देशों की तुलना में हमारे यहां महंगाई नहीं है। गन्ना विकास मंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था, बिजली, राशन, पेयजल व्यवस्था से संतुष्ट होकर जनता ने हमें दोबारा सरकार बनाने का मौका दिया है। राशन की घटतौली के सवाल पर कहा कि राशन की प्रत्येक दुकान से लेकर गोदामों में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जिससे यह शिकायत खत्म हो जाएगी।