अलीगंज मार्ग स्थित नवीन मंडी से बाइक पर सवार होकर घर आ रहे गल्ला व्यापारी को शीतलपुर पुलिया के समीप तीन हथियारबंद बदमाशों ने ओवरटेक करते वक्त तमंचा दिखा कर जबरन रोक लिया। गल्ला व्यापारी बाइक छोड़ कर भागा निकाला तो बदमाश व्यापारी की बाइक और डिग्गी में रखे दो लाख रुपये कैश, चेक बुक, एटीएम कार्ड लूट कर अलीगंज की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
नगर की ठंगी सड़क चौराहा निवासी गल्ला व्यापारी योगेश गुप्ता की अलीगंज मार्ग स्थित मंडी में आढ़त है। बुधवार रात पौने आठ बजे व्यापारी आढ़त बंद करने के बाद दो लाख रुपये से अधिक कैश, चेकबुक, एटीएम कार्ड बाइक की डिग्गी में रख कर घर लौट रहे थे। व्यापारी की माने तो मंडी गेट निकल कर जैसे ही वह शीतलपुर गांव के समीप निर्माणाधीन पुलिया पर पहुंचे तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करते वक्त तमंचा दिखाकर जबरन रोक लिया। बदमाशों द्वारा घेरने पर वह जान बचा कर बाइक मौके पर छोड़ कर शोर मचाते हुए मंडी की ओर भाग निकले। व्यापारी के भागते ही बदमाश उसकी बाइक लेकर अलीगंज की ओर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यापारी से पूछताछ के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। मंडी के व्यापारियों का नगर कोतवाली में जमावड़ा लगा था। पीड़ित व्यापारी राजेश गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।