सिढ़पुरा। क्षेत्र के ग्राम सींगपुर से से सिढ़पुरा जा रहे मां-बेटे को ट्रेक्टर ने रौंद दिया। जिससे दोनों की मौत हो गईं। गुस्साएं ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने बुझाने के बाद आक्रोशितों ने जाम खोला।
घटना ग्राम धनसिंहपुर ढेरा मंदिर के समीप की है। ग्राम सींगपुर निवासी सत्यम(16) पुत्र बाबूराम अपनी मां मुन्नीदेवी(50) को दवा दिलाने के लिए साइकिल से सिढ़पुरा अस्पताल लेकर जा रहा था।
रास्ते में जब वह धनसिंहपुरा ढेरा मंदिर के समीप पहुंचा तो तेजी से आ रहे ट्रेक्टर ने उनमें टक्कर मार दी। जिससे दोनों ही गंभीर घायल हो गए और मौके पर मां-बेटे दोनों ने ही दम तोड़ दिया। हादसे पर बड़ी संख्या में राहगीर व ग्रामीण एकत्रित हो गए। घटना की सूचना परिवारीजनों को दी गई तो परिवार में कोहराम मच गया। परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया।
ग्रामीण ट्रेक्टर व उसके चालक को पकड़े जाने की मांग कर रहे थे। दुर्घटना एवं जाम की सूचना पर सिढ़पुरा थानाध्यक्ष नीरज मलिक एवं अमांपुर थानाध्यक्ष सत्यदेव सिंह सिद्धू पुलिस बल के साथ पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किए, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। मामले की जानकारी सीओ अमृतलाल को दी गई। सीओ ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को दोषी ट्रेक्टर चालक के हिरासत में लेने और कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही ग्रामीणों ने जाम को हटाया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु एटा भेज दिया गया। घटना की रिपोर्ट बाबूराम ने थाने में दर्ज कराई है।
सड़क हादसों में होमगार्ड सहित तीन की मौत
अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में होमगार्ड सहित तीन लोगों की मौत हो गई। एक हादसा में शादी समारोह से लौट रहे कार सवारों के साथ हुआ जबकि दूसरा साइकिल सवार होमगार्ड के साथ। तीसरा हादसा दो बाइकों की भिड़ंत के कारण हुआ।
कासगंज के मोहल्ला मोहन गंदा नाला निवासी शहनवाज पुत्र मो. शादिक अपने दोस्तों चाहत, बंटी, काले निवासी बड़ा बाजार मारहरा, अजीत सकरौली जलेसर के साथ कार से रविवार को एटा में शादी समारोह में आए थे। समारोह में शामिल होने के बाद रात करीब साढ़े आठ बजे कार से घर लौट रहे थे, कोतवाली देहात स्थित पीएसी के पास सामने से आते ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शहनवाज (25) की मौत हो गई, जबकि चारों लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल से हालत गंभीर देख आगरा रेफर कर दिया।
निधौलीकलां के गांव नगला संत निवासी होमगार्ड रामनरेश (30) पुत्र उदयवीर माया पैलेस पर ड्यूटी खत्म होने के बाद साइकिल से घर लौट रहे थे। कोतवाली नगर स्थित क्रिश्चियन इंटर कालेज के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से होमगार्ड की मौत हो गई। रविवार सायं करीब छह बजे जरानी चौकी के पास दो बाइक आपस में भिड़ गईं। एक बाइक सवार धर्मेंद्र (26) निवासी जरानी खुर्द थाना सकरौली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार कमल सिंह निवासी सिकरारी अवागढ़ घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।