खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शनिवार को कासगंज-बरेली मार्ग पर एक टैंकर में ले जाया जा रहा मिलावटी दूध पकड़ा। टीम को देखकर ड्राइवर टैंकर छोड़कर भाग गया। विभाग के अधिकारियों ने दूध का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा और टैंकर में भरा 1000 लीटर दूध फैलाकर नष्ट कराया। बताया गया कि टैंकर में सहावर से दूध लाया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कासगंज-बरेली मार्ग पर एसजेएस स्कूल के एक टैंकर को रुकवाया तो चालक टैंकर छोड़कर भाग गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके उपाध्याय ने बताया कि टैंकर में अपमिश्रित खराब दूध भरा था, यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक था।
उन्होंने बताया कि टैंकर को सुरेंद्र निवासी गनेशपुर सहावर लेकर आ रहा था। टैंकर चालक सुरेंद्र के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गर्मी में दूध की किल्लत बढ़ जाने के कारण लगातार शिकायतें मिल रहीं हैं। इससे खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।