कोतवाली के गांव रामपुरिया नगला में जुए में हार जाने के बाद युवक ने फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए एटा भेजा है।
वीरेश (30) पुत्र दाताराम गांव के नजदीक भट्ठे पर मजदूरी का काम करता था। उसे जुए की लत लग गई। वह पिछले कई दिनों से लगातार जुए में रकम हार रहा था। जुए खेलने के लिए उसने काफी कर्जा ले लिया। लगातार हारने से उसे कर्जा चुकाने की चिंता सताने लगी। गुरुवार को रात्रि वह खाना खाने के बाद वह नीचे कमरे में आया और गमक्षा से फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली। जब काफी देर तक वह वापस ऊपर नहीं आया तो परिवारीजन उसे देखने के लिए नीचे आए। उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच कमरे में उसका शव लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। उसके शव को नीचे उतारा गया। मौत की घटना से परिवार में कोहराम मच गया। काफी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। उसकी मां राज माला ने बताया कि वह जुए में लगभग दो लाख रुपये हार चुका था। काफी रुपये उसने कर्ज भी ले लिया था। जिसे चुकाने के लिए उस पर व्यवस्था नहीं थी।
लला गांव में नरक कर दओ
कासगंज। गांव की एक बुजर्ग महिला जुए में हारने के बाद युवक द्वारा फांसी लगाने से काफी दुखी नजर आई। वह बोली लला नरक कर दओ है। 100-100 रुपये देकर जुए की रखवाली को आदमी लगाए जावत है। दूर दूर से आदमी जुआ खेलने गांव में आते हैँ। लोग बरबाद हो रहे हैं। जमीन तक बिक गई हैं।
गांव गांव चल रहे जुए के अड्डे
कासगंज। जनपद में जुए ने व्यापक रुप ले लिया है। नगरीय क्षेत्र ही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर जुआ हो रहा है। कासगंज क्षेत्र के गांव तवालपुर, भेंसोरा, ढोलना क्षेत्र के इखौना, गढ़ी पंचगई, कुढ़ार सहित कई गांवों में जुआ खेला जाता है। इसके अलावा सहावर, सोरा, अमापुर क्षेत्र में भी कई गांवों में जुआ होता है। प्रतिदिन लाखों रुपये की हारजीत अड्डों पर होती है। पिछले दिनों कासगंज में ही जुए के अड्डे पर फायरिंग की घटना हुई थी, इसमें एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक युवक घायल हो गया।