खनन माफिया ने एसओ राजा का रामपुर पर हमला कर दिया
वाहन चेकिंग के दौरान बालू से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ने पर खनन माफिया ने अपने गुर्गों के साथ एसओ राजा का रामपुर को कार से कुचलने का प्रयास किया। हमले में बचने पर कार सवार माफिया ने अपने हथियारबंद गुर्गों के साथ एसओ के साथ हाथापाई कर दी। बाद में माफिया अपने गुर्गों के साथ हवाई फायरिंग करते हुए भाग खड़ा हुआ।
एसओ राजा का रामपुर आदित्य कुमार गुरुवार शाम टीम के साथ मड़िया चौराहे के निकट धुविया ताल पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान अवैध खनन की बालू से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस ने रोकना चाहा तो चालक ने ट्रैक्टर नहीं रोका और भागने लगा। इस पर एसओ ने पीछा कर ट्रैक्टर को पकड़ लिया। इस पर अचानक दो कार में सवार आठ से दस हथियारबंद लोग मौके पर पहुंच गए और एसओ समेत पुलिस टीम पर हमला कर दिया। कार सवार लोगों ने एसओ आदित्य कुमार को कार से कुचलने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि कार से बचने पर कार सवार हथियारबंद लोगों ने एसओ समेत पुलिस टीम पर तमंचे तानते हुए हाथापाई कर दी। एसओ की मानें तो हाथापाई और तमंचा तानने के बाद माफिया और उसके गुर्गे हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देकर भाग खड़े हुए। एसओ ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस खनन माफिया और उसके गुर्गों पर कार्रवाई करने की तैयारी में है। बता दें कि इससे पूर्व विगत फरवरी में एसडीएम सदर सुनील कुमार वर्मा और लेखपाल पर शीतलपुर ब्लॉक के भदौं में मिट्टी खनन माफिया ने ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश कर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद एसडीएम सदर पर सुनील कुमार वर्मा और नायब तहसीलदार जमशेद पर नगला बिचे में मिट्टी माफिया ने ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की गई। हमले मे एसडीएम की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। हमले में नामजद तीनों आरोपी अभी तक जेल में बंद है।