गुरुवार दोपहर से लेकर रात दस बजे तक बिजली कटौती के बाद रातभर बिजली आने और जाने का क्रम जारी रहा। शुक्रवार सुबह जब एक बार फिर बिजली गुल हुई तो गुस्साए लोगों ने कोतवाली देहात विद्युत सब स्टेशन पर धावा बोल कर्मचारियों को बंधक बना लिया और हंगामा किया। उपभोक्ता रोस्टर के मुताबिक बिजली आपूर्ति की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे जेई ने दोनों फीडर पर बिजली आपूर्ति बहाल कराई तब जाकर एक घंटे बाद हंगामा खत्म हुआ।
कोतवाली देहात विद्युत सबस्टेशन पर शुक्रवार सुबह दोनो फीडर बंद होने पर भीषण गर्मी से परेशान उपभोक्ताओं ने विद्युत सबस्टेशन में घुसकर हंगामा किया। जब वहां मौजूद कर्मचारियों ने भागने का प्रयास किया तो वहां मौजूद लोगों ने पांच कर्मचारियों को कार्यालय में बंधक बना लिया। उपभोक्ता बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे जेई बदन सिंह ने बिजली आपूर्ति बहाल कराई, तब जाकर हंगामा शांत हुआ। उपभोक्ता राजेश, अनूप, प्रकाश, संदीप, कालीचरन ने बताया कि गुरुवार को ग्यारह बजे गुल हई बिजली देर रात दस बजे आई तो रातभर आंख मिचौली चलती रही। शुक्रवार सुबह जब पानी की जरूरत हुई तो बिजली फिर चली गई। आरोप है कि विद्युत विभाग के कर्मचारी मनमानी कर बिजली आपूर्ति दे रहे हैं। इसके चलते बार-बार कटौती हो रही है। विद्युत वितरण निगम शहर के अधिशासी अभियंता राजीव चतुर्वेदी का कहना है कि शुक्रवार सुबह ट्रॉली में खराबी आने के कारण बिजली आपूर्ति टू फेस हो गई थी। इसके चलते आपूर्ति बंद की गई थी।
व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन
एटा। बिजली कटौती को लेकर शुक्रवार को व्यापारियों ने डीएम अजय यादव को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियाें ने ज्ञापन में सुबह सात से बारह बजे बिजली कटौती रोकने और वोल्टेज कम-ज्यादा के कारण जल रहे विद्युत उपकरण का नुकसान बचाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में युवा व्यापार मंडल अतुल राठी, व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, डेविड जैन, बाबूगंज बाजार अध्यक्ष कल्लू समेत अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
मारहरा में 18 घंटे बिजली कटौती
मारहरा। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में 18 घंटे दिनरात बिजली कटौती ने लोगों को बेहाल कर दिया है। बिजली कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है। नगर पालिका परिषद के पास जेनरेटर से नलकूप चलाकर पानी उपलब्ध कराने की सुविधा नहीं होने से लोग पानी को तरसने लगे हैं। कहने को तो मारहरा नगर पालिका है, लेकिन यहां रहने वाले लोगों की गांव में रहने वाले लोगों से भी बदतर हो चली है। 18 घंटे बिजली कटौती की मार झेलने के साथ यहां के लोग पानी को तरसते रहते हैं। व्यापारी नेता अजय गुप्ता उर्फ टीटू ने बताया कि कस्बा मारहरा को इन दिनों बामुश्किल तीन से चार घंटे औसतन बिजली मिल रही है। दिनभर में 20 से 30 फाल्ट हो रहे हैं। रामसेवक गुप्ता ने कहा ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक लोड होने से ट्रिपिंग बढ़ रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि समय से विद्युत बिल भुगतान होने के बाद भी बाद भी समस्या का निदान नहीं हो रहा। परेशान उपभोक्ताओ ने अब एक सप्ताह में बिजली आपूर्ति व्यवस्था नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। चेतावनी देने वालों में दिनेश गुप्ता, विशेष यादव, दीपेंद्र राघव, नूर मोहममद, नूरआलम, राजकुमार सक्सेना, मोहम्मद आमिल, समीउल्ला खान, अभय ठाकुर समेत अनेक उपभोक्ता शामिल हैं।