ग्राम कादरवाड़ी से पांच दिन से लापता ग्रामीण का क्षत विक्षत शव भीलौर के गन्ने के खेत में बरामद हुआ। शव की शिनाख्त उसके कपड़े एवं उसके हाथ में मौजूद छह उगंलियों से हुई। ग्रामीण को 30 जुलाई को आरोपी घर से बुलाकर ले गया था। पुलिस ने शव के टुकड़ों को एकत्रित कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
गौरतलब है कि चंद्रपाल साहू (50) का शव पुलिस ने ग्राम भीलौर में ईख के एक खेत से बरामद कर लिया। शव कंकाल के रूप में कई टुकड़ों में खेत में छितरा पड़ा था। शव को जंगली जानवर खाने के कारण कंकाल के टुकड़े बरामद हुए। शव मिलने की खबर परिवारीजनों को मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि मृतक चंद्रपाल को 30 जुलाई को शाम 8 बजे ग्राम कुबेर नगरी निवासी महेश बघेल अपने साथ घर से बुलाकर ले गया था। चंद्रपाल को अपने घर में शराब पिलाने के बाद उसे भीलौर ले जाकर ईख के खेत में अपने अन्य साथियों के साथ उसकी हत्या कर दी। धारदार हथियार से उसके शरीर के कई टुकड़े कर खेत में फेंक दिए। हत्या करने के बाद आरोपी महेश फरार हो गया। अगले दिन जब चंद्रपाल घर नहीं लौटे तो उनकी पत्नी सावित्री देवी ने कुबेरनगरी, भीलौर आसपास के गांवों व रिश्तेदारी में उनको तलाशा लेकिन चंद्रपाल का कोई सुराग नहीं लगा। एक अगस्त को कोतवाली में सावित्री देवी ने महेश के खिलाफ पति को घर से बुलाकर गायब कर देने का मामला कोतवाली में दर्ज कराते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों के साथ पुलिस का घेराव किया था।
पुलिस कप्तान के निर्देश पर स्थानीय पुलिस, क्राइम ब्रांच, एसओजी ने आरोपी व गायब ग्रामीण की तलाश में तीन दिन तक लगातार छापामारी की। तीन अगस्त को एसपी कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर पुलिस पर ढिलाई का आरोप लगाते हुए सावित्री देवी ने एक बार फिर गांव वालों के साथ विरोध प्रकट किया था। मंगलवार को पुलिस ने ग्रामीणेां की सूचना पर चंद्रपाल की लाश के टुकड़े बरामद कर सील कर दिए तथा उनको पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। पुलिस ने आरोपी महेश के रिश्तेदार डोरीलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
आरोपी शीघ्र गिरफ्त में होगा-सीओ
सोरों। सीओ एके सिंह ने बताया कि मृतक चंद्रपाल की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया था। जिसे जंगली जानवर खा गये। शव का कंकाल बरामद कर लिया गया है। आरोपी महेश को पुलिस शीघ्र ही गिरफ्तार कर लेगी।
50 हजार रुपये के लिए की चंद्रपाल की हत्या
सोरों। मृतक चंद्रपाल की हत्या का कारण 50 हजार रुपये के लिए बताया जा रहा हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चंद्रपाल पैसे लेनदेन का काम करता था। चंद्रपाल ने कुछ माह पूर्व महेश को 50 हजार रुपये दिए थे, जिन्हें वापस मांगने का दबाव बनाने पर उसकी हत्या कर दी गई होगी। सही कारण तो आरोपी महेश की गिरफ्तारी के बाद ही पता लग सकेगा।