दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने बुधवार दोपहर विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को फंदे पर लटकाकर भाग गए। घटना की जानकारी पड़ोसियों ने पुलिस और मायका पक्ष को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। रिपोर्ट मृतका के पिता ने दर्ज करा दी है।
कसबा पिलुआ के गांव मोहन निवासी मोहकम सिंह ने बेटी गुड्डों देवी (27) की शादी जून माह 2008 में कोतवाली नगर के मोहल्ला वर्मा नगर निवासी उमेश के साथ की थी। शादी के दौरान उन्होंने बेटी के नाम जमीन की थी, जिसे ससुरालीजन जबरन बेच कर दहेज की मांग कर रहे थे।
आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसका उत्पीड़न करते थे। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे ससुरालीजनों ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी, बाद में फांसी का फंदा बनाकर शव को कमरे में लटकाकर फरार हो गए। घटना की जानकारी पड़ोसियों को लगी तो पुलिस और मायका पक्ष को सूचना दी। मृतका के पिता मोहकम सिंह ने कुसुम देवी, ममता देवी, उमेश, पंकज आदि के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।