गांव इंद्राजश्नपुर के पूर्व प्रधान, उसके साथी और उसके पुत्र पर रंजिश के चलते गांव के ही आधा दर्जन लोगों ने हमला कर दिया। जिससे पूर्व प्रधान और उसके साथी की मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रुप से घायल हो गया। छह आरोपियों के खिलाफ मामले की प्राथमिकी दर्ज की गई है। हमलावरों ने पहले पूर्व प्रधान की बाइक को पिकअप गाड़ी से टक्कर मारी और फिर गोलियां दागीं।
पूर्व प्रधान मुन्नालाल मिश्रा (65) उसका साथी सत्यभान(55) और पूर्व प्रधान का पुत्र राधेश कुमार बाइक से अपने गांव से गंजडुंडवारा जा रहे थे। रास्ते में जरई गांव पर सुबह करीब साढ़े छह बजे पिकअप गाड़ी से बाइक में टक्कर मारी गई। जिससे पूर्व प्रधान सहित दोनों अन्य बाइक सहित दूर जा गिरे। पुत्र राधेश दूर खाई में जा गिरा। जमीन गिरे सत्यभान पर पिकअप चालक ने गाड़ी बैक करके दोबारा चढ़ा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पिकअप गाड़ी के पीछे बाइक पर भी कुछ अन्य हमलावर पहुंचे। जिन्होंने टक्कर से घायल मुन्नालाल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जिससे मुन्नालाल की भी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर पिकअप गाड़ी सवार एवं बाइक सवार हमलावर फरार हो गए।
घटना की पृष्ठ भूमि में गांव के ही हिस्ट्रीशीटर अपराधी नन्ने उर्फ ननिया से रंजिश बताई गई। पूर्व प्रधान नन्ने के अपराधी होने के कारण उसके खिलाफ रहते थे, यह बात उसे खटकती थी। जिसके चलते उसके साथी राहुल, नन्ने, शिवकुमार, सुमन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र यादव भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस मित्र बनने की कीमत जान देकर चुुकाई
पूर्व प्रधान मुन्नालाल को पुलिस मित्र बनने की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। पूर्व प्रधान निडर थे। जिससे वह गांव के ही हिस्ट्रीशीटर अपराधी नन्ने उर्फ ननिया के अपराधिक कृत्यों का विरोध करते थे। वह कई बार पुलिस को सूचना देकर उसे गिरफ्तार करा चुके थे।
एक दिन पहले ही नन्ने ने उन्हें धमकी दी थी। पूर्व प्रधान ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। बुधवार को मौका लगते ही पूर्व प्रधान व उसके साथी की हत्या कर दी। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सिकंदरपुर थाना प्रभारी ने बताया कि नन्ने उर्फ ननिया हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ दर्जन भर अपराध दर्ज हैं।
नहीं चला पाए हथियार
पटियाली (ब्यूरो)। पूर्व प्रधान मुन्नालाल बाइक से जब गंजडुंडवारा जा रहे थे तो उनके लाइसेंसी रायफल और रिवाल्वर भी उनके साथ थी। ननिया की धमकी के चलते वह अपने हथियारों के साथ गए थे। हत्यारों ने उन पर हत्यारों को देखते हुए पिकअप से उन्हें टक्कर मारी। जिससे टक्कर लगने के बाद उनके हथियार इधर उधर गिर गए और किसी को भी हथियार चलाने का मौका नहीं मिला।
झाड़ियों ने बचाई राकेश की जान
राधेश पिकअप की टक्कर लगने के बाद खाई की झाड़ियों में गिर गया। जब हत्यारे गोली चलाते हुए उसकी तलाश कर रहे थे तो वह हत्यारों को दिखाई नहीं दिया। उसी समय फायरिंग आवाज सुनकर ग्रामीण भी घटना स्थल की आने लगे तो अपराधी राधेश की तलाश छोड़ भाग गए।