आठ दिन पूर्व लापता हुए युवक का शव मंगलवार को कसबा के तालाब से बरामद हुआ। घटना से परिवारीजनों और क्षेत्र के लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों का आरोप था कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। गुस्साए लोगों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। तीन घंटे तक जाम लगा रहा। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने युवक शव को पोस्टमार्टम को भेजा है।
परमानंद (22) पुत्र हरी सिंह यादव निवासी ग्राम महमूदपुर आठ फरवरी को वीरेंद्र हलवाई के पुत्र की जन्मदिन की पार्टी में गया था, लेकिन वह पार्टी से वापस अपने गांव नहीं पहुंचा। परमानंद जब घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। लोगों ने तालाब में डूब जाने की आशंका व्यक्त की। इस आशंका पर तालाब में भी युवक की तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। थाना पुलिस ने भी जेसीबी से तालाब की मिट्टी हटवाई थी। मंगलवार को सुबह तालाब में युवक का शव दिखाई दिया। लोगों की भीड़ तालाब में शव होने की सूचना एकत्रित हो गई। युवक के परिवारीजन भी मौके पर आ गए। थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। तालाब से शव को निकाला गया। परमानंद का शव मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोग भी आक्रोशित हो उठे और सड़क पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर उपजिलाधिकारी परवेज अहमद, क्षेत्राधिकारी सुखवीर सिंह सहित कसबा के विभिन्न संगठनों से जुड़े नेता भी मौके पर पहुंच गए। लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस अधिकारियों ने युवक की मौत की जांच पड़ताल का आश्वासन दिया।
गंजडुंडवारा के थाना प्रभारी सुरेशचंद्र का कहना है कि युवक की मौत के मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। युवक के लापता होने पर उसकी तलाश की थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।