थाना निधौली कलां क्षेत्र में छेड़खानी से आहत एक किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। गुरुवार रात उसका शव गांव के बाहर एक खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना निधौलीकलां के एक गांव में किशोरी (14) गुरुवार शाम हैंडपंप पर पानी भर रही थी, तभी गांव का ही एक युवक विजेंद्र वहां पहुंचा और उसके छेड़खानी करने लगा। किशोरी घर जाने लगी तो उसने उसका दुपट्टा खींच लिया। किशोरी उस समय तो अपने घर चली गई, लेकिन देर शाम वह घर से बाहर निकल आई और उसके बाद घर नहीं पहुंची। परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान रात करीब एक बजे रमेश चंद्र के खेत में किशोरी का शव पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोरी नाना ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी किशोरी के साथ छेड़खानी कर चुका है। थानाप्रभारी निधौलीकलां ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी को गुरुवार रात में ही पकड़ लिया था, उसे शुक्रवार को जेल भेज दिया गया है।