इक तरफा प्यार में अंधे हुए एक युवक और उसके दोस्त ने युवती के घर पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में एक युवक अजीत की मौत हो गई, जबकि युवती और उसका फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है। युवती का भाई भी घटना में मामूली रूप से घायल हुआ है। आरोपी युवक नोएडा की एक कंपनी में इंजीनियर बताया जा रहा है, पुलिस की टीमें उसकी तलाश में नोएडा और अन्य जगह दबिशें दे रही हैं।
यह घटना रविवार रात करीब 8:40 बजे शहर के मोहल्ला नाथूराम में हुई। अजीत गांव ततारपुर का रहने वाला था और युवती के पिता की दुकान पर काम करता था। घटना के वक्त युवती अपने घर के दरवाजे पर दीपक जा रही थी। उस समय उसका भाई राहुल, फुफेरा भाई रानू और अजीत पर घर मौजूद थे। तभी दुर्गा कालोनी निवासी हेमंत यादव अपने एक साथी के साथ पहुंचा और युवती के साथ गाली-गलौच करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में गोली लगने से अजीत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि युवती, उसका फुफेरा भाई रानू गंभीर रूप से घायल हो गए। एक गोली राहुल के कंधे को गोली छूती हुई निकल गई। इसके बाद आरोपी तमंचे लहराते हुए मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर एसपी सुनील कुमार, एडीएम सुरेंद्र कुमार, सीओ शवीह हैदर पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
चीख पुकार सुनकर दौड़े आसपास के लोग
कासगंज। जिस समय ताबड़तोड़ फायरिंग की वारदात हुई उस समय लोग दीपावली पर्व मनाने में व्यस्त थे। कोई पूजा करने में व्यस्त था तो कोई आतिशबाजी चलाने में। आतिशबाजी की आवाज के चलते फायरिंग की आवाज को भी लोगों ने पहले आतिशबाजी की आवाज समझा। जब चीख पुकार मची तो आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। घटना स्थल का नजारा देख कर हर कोई सन्न रह गया।
आधा घंटे पहले ही मिष्ठान खाकर गया था अजीत
कासगंज। अजीत काफी मिलनसार था। दुकान के आसपास के लोगों के साथ उसके अच्छे संबंध थे। जिससे त्योहार के चलते वारदात से आधा घंटे पहले ही पड़ोस के ही एक दुकानदार के साथ वह एक मिष्ठान की दुकान पर चला गया। जहां उसने मिष्ठान का सेवन किया। जब उन लोगों को वारदात की पता चली तो वे स्तब्ध रह गए। उन्हें सहसा इस बात का विश्वास नहीं हुआ। अजीत की आठ साल की एक मात्र पुत्री संजना है। घटना के बाद से उसकी पत्नी सदमे में है।
आरोपी नोएडा में है इंजीनियर
कासगंज। आरोपी हेमंत ने पांच माह पहले ही शादी की है। इसके बाद भी वह युवती से इक तरफा प्यार करता था। पहले भी वह कई बार युवती को परेशान कर चुका है। वह नोएडा में इंजीनियर है और दीपावली पर कासगंज आया था।
आरोपी युवकों की तलाश में पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन अभी कोई आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। शीघ्र ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करेगी:
सुनील कुमार एसपी