अवैध निर्माण की सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जिसके चलते हौसला बुलंद दबंगों ने घर में घुसकर दादी, नातिन पर धारदार हथियार से प्रहार कर गंभीर घायल कर दिया। घायलों की हालत गंभीर देख स्वास्थ्य केंद्र जैथरा से जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। रास्ते में वृद्धा की मौत हो गई।
थाना जैथरा के गांव वाजिदपुर निवासी चंद्रभान का गांव के ही दबंग से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दबंगों ने धुमरी चौकी पुलिस से सांठ-गांठ कर विवादित जगह पर निर्माण शुरू करा दिया। जिसका पीड़ित द्वारा विरोध किया गया। मगर दबंग नहीं माने। जिसे लेकर पीड़ित ने एसएसपी से भी की, उसके बाद भी धुमरी चौकी पुलिस नहीं चेती। रविवार की देर शाम पीड़ित की मां माया देवी (75), बेटी काजल घर पर थी, तभी दोनों पर दबंगों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। चीख-पुकार पर लोगों का आता देख दबंग भाग गए। लोगों ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वृद्धा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचे परिवारीजनाें ने बताया गांव के ही दबंग मुनीश, भूप सिंह, करन सिंह, हेम सिंह, अजय, सूरजपाल, माधव सहित आठ लोगाें ने घर में घुसकर हमला बोला था। वहीं विवादित जगह पर निर्माण रुकवाने के लिए शनिवार को एसएसआई ने फोन कर चौकी इंजार्च को सूचना दी थी उसके बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसी लापरवाही के कारण वृद्धा की जान चली गई। लोगों का कहना था कि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो शायद वृद्धा की जान बच जाती ।