शांतिनगर स्थित भारती कालोनी में मामूली कहासुनी होने पर एक शातिर ने अपने साथियाें संग दो सगे भाईयों को जमकर पीटा। विरोध करने पर युवक ने दोनाें भाईयों पर कालोनी में दौड़ा कर गोलियां बरसाईं। यदि दोनों लहूलुहान भाई पड़ोसी के घर में नहीं घुसते दोनों जान गवां बैठते। आरोप है कि भागते वक्त तीनों युवक कालोनी में तमंचा लहराने के अलावा उस पड़ोसी को देख लेने की धमकी दे गए जिसने दोनों भाईयों की जान बचाई थी। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस जांच में जुटी है।
भारती नगर कालोनी में असम रायफल में तैनात जसवीर सिंह का परिवार रहता है। शनिवार को जसवीर के बेटे सौरव और गौरव का पड़ोसी युवक से विवाद हो गया। इसी से गुस्साए युवक ने अपने दो साथियों को बुला कर पहले दोनो भाईयों को जमकर पीटा। विरोध करने पर युवक ने दोनों भाईयाें को कालोनी में दौड़ा लिया और जमकर गोलियां बरसाईं। गोली लगने से लहूलुहान दोनों भाईयों ने पास में रहने वाले राजेंद्र प्रसाद शर्मा के घर में पनाह लेकर जान बचाई। इलाके के लोगों का आरोप है कि बाइक पर सवार होकर भागते वक्त तीनों युवकों ने कालोनी में हथियार लहराए और राजेंद्र प्रसाद शर्मा के बेटे को देख लेने की धमकी तक दे गए। दिनदहाड़े हुई घटना से लोगों मे दहशत का माहौल है। घायल सौरव और गौरव को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दोनाें को आगरा रेफर कर दिया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलाके के लोगों से पूछताछ के बाद जांच शुरू कर दी है।