एएमयू अलीगढ़ में तैनात क्लर्क के शिकोहाबाद मार्ग स्थित बंद मकान का ताला तोड़ कर शुक्रवार रात चोर लाखों रुपए के जेवरात और कीमती सामान चुरा ले गए। परिवार के सभी लोग घर का ताला लगा कर कासगंज रिश्तेदारी में गए थे। शनिवार सुबह घर लौटने पर घटना का पता चला।
शिकोहाबाद मार्ग कालोनी निवासी रमेश कटारिया शुक्रवार शाम को परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर कासगंज रिश्तेदारी में आयोजित एक समारोह में शिरकत करने गए थे। रात को चोरों ने मकान का ताला तोड़ कर 72000 रुपये कैश, सोने के दो जोड़ी कुंडल, चार चूड़ी, दो अंगूठी, चेन, टीका, चांदी की पाजेब और घर में रखा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। शनिवार सुबह जब परिवार के लोग घर लौटे तो मकान का ताला टूटा होने के साथ सामान बिखरा पड़ा देख होश उड़ गए। पीड़ित ने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है। रमेश की मानें तो वारदात से करीब चार लाख रुपये का सामान चोरी गया है।