दादरी में हुई घटना के बाद भी गोहत्या पर पुलिस-प्रशासन लगाम लगाने में विफल है। बुधवार सुबह कटने जा रहीं गाय से भरा ट्रक पुलिस ने पकड़ लिया, गोतस्कर भागने में सफल रहा। ट्रक में लदी गायों में से चार मर गई थीं, जबकि अन्य को गौशाला भेज दिया गया। मामले की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज कराई है।
कोतवाली नगर प्रभारी ने बताया बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे कानपुर की तरफ से आ रहे ट्रक चालक ने पुलिस को देख माया पैलेस के पास ट्रक को रोक लिया, पुलिस को देख चालक भाग गया।
चालक को भागता देख पुलिस ने पीछा भी किया, मगर वह हत्थे नहीं चढ़ सका। ट्रक में निर्दयता से गाय भरी हुई थीं, 21 गाय सही मिलीं, जबकि चार मर गई थीं।
17 अक्तूबर को गांव मरगोजिया के पास गाय-बछड़ों से भरा ट्रक पकड़ा गया था, जिसमें 14 पशु मर गए थे। यहां भी गोतस्कर भागने में सफल रहे। बीते कुछ दिनों में सकीट, कोतवाली देहात और नगर में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में ज्यादातर तस्कर भागने में सफल रहे हैं।
पुलिस-प्रशासन की लापरवाही के चलते गोकशी की घटनाएं बढ़ रही हैं। ज्यादातर मामलों में गोतस्कर भागने में सफल रहते हैं। आखिर पुलिस क्यों नहीं गोस्तकरों को पकड़ पा रही है।
- लोकेंद्र यादव, प्रदेशाध्यक्ष अखिल भारतीय गो रक्षा मंच