किदवई नगर में मुफ्ती शहजाद अहमद की हत्या के विरोध में रविवार को अलीगंज मार्ग मंडी परिसर स्थित सब्जी मंडी और नगर का सबसे व्यस्त मार्केट बाबूगंज बंद रहा। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने तनाव को देखते हुए शहर के हर चौराहे और तिराहे पर पुलिस एवं पीएसी बल तैनात कर दिया है। रविवार को नगर का मुस्लिम समुदाय दो खेमों में बंटा दिखाई दिया। मृतक की पत्नी आविदा खातून ने सभासद साबिर अली उर्फ दिनेश प्रताप और इसके बेटे नदीम निवासी किदवई नगर और तीन अज्ञात समेत पांच पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं समाज का दूसरा खेमा आरोपियों को निर्दोष बताते हुए हत्याकांड की जांच कराने की मांग करते हुए एसएसपी से मिलने उनके आवास पर पहुंच गया।
किदवई नगर स्थित मदरसा इशाअत उलूम के मुफ्ती अहमद शहजाद की शनिवार रात हुई हत्या के बाद रविवार को व्यापारियों ने तनावपूर्ण शांति के बीच धीरे-धीरे बाजार खोले। तनाव के चलते प्रशासन और पुलिस ने पूरे शहर को छावनी में तब्दील कर दिया है। आलम यह है कि वज्र वाहन के साथ पुलिस और पीएसी सभी चौराहों और तिराहों पर तैनात रही। पुलिस ने आरोपियों के घर के आसपास भी पीएसी तैनात कर दी।