पिकअप की टक्कर से युवक की मौत पर बवाल
- फोटो : अमर उजाला
सिढ़पुरा में शुक्रवार को संविदा विद्युत कर्मी राजेश की मौत पर हुए बवाल में 15 नामजद और 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने बलवा करने की रिपोर्ट दर्ज की है। एफआईआर से पूरे गांव में हड़कंप मचा है। लोग गिरफ्तारी होने को लेकर भयभीत हैं।
बता दें कि संविदा कर्मी राजेश की शुक्रवार को करंट लगने से मौत हो गई थी। घटना से गुस्साए लोगों ने सिढ़पुरा के मोर्चा चौराहा पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से तीखी झड़प भी हुई। गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी थी। मामले में सिढ़पुरा के थाना प्रभारी ने हरिओम पुत्र राम भरोसे सहित गांव के 15 लोगों को नामजद और करीब 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, बलवा, जानलेवा हमला आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एएसपी राधेमोहन भारद्वाज ने बताया है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। वीडियो रिकार्डिंग, फोटो आदि के माध्यम से उपद्रवियों को चिह्नित करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन में होगी जांच पूरी
कासगंज(ब्यूरो)। विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता सत्यदेव का कहना है कि संविदा कर्मी राजेश की मौत के मामले में जांच पड़ताल चल रही है। उन्होंने बताया कि तीन दिन में यह जांच का काम पूरा कर लिया जाएगा। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।