एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र के गांव नगला खना में रविवार की दोपहर एक युवती ने पिटाई से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। ऐसे आरोप पति की ओर से सोमवार को लगाए गए हैं। पुलिस ने फांसी के फंदे से युवती को उतारा था और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
गांव नगला खना निवासी सुनील कुमार का आरोप है कि उसका परिजनों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा है। रविवार को पत्नी रूबी को चाचा और चाचियों की ओर से पीटा गया था। इससे पहले भी पत्नी पर हाथ छोड़ दिया था। परिजनों की पिटाई को लेकर पत्नी सुबह से ही परेशान थी, दोपहर में जब कोई घर पर नहीं था तभी कमरे में फांसी का फंदा बनाकर झूल गई और आत्महत्या कर ली।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार को ही पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया था। कागजी प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाने के चलते रविवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका, पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम कराया है। पति का आरोप है कि पिटाई करने वाले तीन चाचा और दो चाचियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया है कि इस तरह की अब तक कोई तहरीर नहीं आई है, तहरीर आती है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।