एटा। थाना व ब्लॉक जैथरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुकटी खेड़ा में प्रधानमंत्री आवास आवंटन की सूची से अपात्र का नाम काट दिया गया था। इसे लेकर पंचायत सचिव और अपात्र के बीच ब्लाक में हुई कहासुनी और मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। सीडीओ ने मामले की जांच डीडीओ को सौंपी, उन्होंने अपनी जांच में अपात्र को दोषी पाया। वहीं बताया कि मामले में दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
पंचायत सचिव सुकटी खेड़ा रवि सिंह गांव में अपात्र लाभार्थियों की जांच करने बीते सोमवार को गए थे। यहां पर प्रवेश की पत्नी राधादेवी को पात्र बना दिया गया था। जिनके दो पक्के कमरे बने हुए थे। इनको सचिव ने अपात्र की सूची में शामिल कर दिया। गांव में जांच करने के बाद ब्लॉक लौटते समय अपात्र ने गांव सिहोरी के पास रोककर एतराज जताया। वहीं ब्लॉक पर उनके साथ मारपीट भी की थी।
वीडियो वायरल होने के बाद मुख्य विकास अधिकारी मदन वर्मा ने मामले की जांच जिला विकास अधिकारी एसएन कुशवाह को सौंपी। वह जांच के लिए जैथरा पहुंचे। यहां उन्हें पता चला कि गांव में 122 लोगों ने आवास के लिए आवेदन किए थे। इनमें से जांच के दौरान मात्र 13 लाभार्थी पात्र पाए गए। डीडीओ ने बताया कि अपात्र आरोपी जबरन सूची में नाम शामिल करना चाहता था और उसी ने पहले सचिव को थप्पड़ मारा था। साथ ही यह बताया कि मामले में अब दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।