एटा। मोबाइल फ्लैक्सी करने की कंपनी के नाम पर ठगी करने वाले पिता-पुत्र और साले के खिलाफ कोतवाली नगर में बृहस्पतिवार को दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पीड़ितों ने जब रकम लौटाने का दबाव बनाया तो एक आरोपी ने खुद की गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। लेकिन अब अपने ही बुने जाल में आरोपी सौरभ फंस गया है।
कोतवाली नगर में बृहस्पतिवार को आनंद शर्मा पुत्र तोताराम शर्मा निवासी नारायण नगर और मोहम्मद आरिफ पुत्र दोस्त मोहम्मद निवासी एमपी नगर ने सौरभ पांडेय पुत्र विनीत पांडेय और अखिलेश दीक्षित सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए हैं। दोनों व्यक्ति एक ही जस्ट पे फोर यू मोबाइल फ्लैक्सी कंपनी से जुड़े हुए हैं। दोनों मुकदमों में आरोप लगाया गया है कि 15 लाख 36 हजार 866 रुपये की ठगी की गई है।
ठगी के शिकार लोगों ने जब रकम लौटाने का दबाव बनाया था तभी सौरभ पुत्र विनीत पांडेय ने अपनी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली नगर में दर्ज करा दी थी। हालांकि बाद में सौरभ खुद ही लौटकर आ गया। पुलिस जांच में यह बिंदु भी जुड़ गया है। अब सौरभ व नितिन पांडेय पुत्रगण विनीत पांडेय और विनीत व इनके साले अखिलेश की तलाश में पुलिस जुट गई है। दो मुकदमे दर्ज होने के बाद अन्य लोगों से ठगी होने की भी संभावनाएं जताई जा रही हैं। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया है कि सौरभ पांडेय की गुमशुदगी परिजनों की ओर से दर्ज कराई गई थी, इसके बाद सौरभ लौट आया था। हो सकता है यह जानबूझकर दर्ज कराई गई है, इसकी भी जांच की जाएगी।