कासगंज के पोस्टमार्टम गृह पर बैठे मृतक मजदूर राजेंद्र के परिजन
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। पानीपत में कंबल बनाने की मशीन में फंसकर सिढ़पुरा के गांव सिरावल निवासी युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। थाना सिढ़पुरा के गांव सिरावल निवासी राजेंद्र (35) पुत्र दयाराम हरियाणा के पानीपत में कंबल की फैक्ट्री में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। बृहस्पतिवार रात वह मशीन की सफाई कर रहा था। तभी अचानक वह मशीन में फंस गया और उसकी मौत हो गई। जानकारी पर पानीपत में ही रहने वाला उसका रिश्तेदार टिंकू भी मौके पर पहुंच गया। घटना की जानकारी पर सिरावली में युवक के परिवार में कोहराम मच गया।
इसके बाद उसका शव उसके पैतृक गांव लाया गया। जहां से शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। राजेंद्र के पिता दयाराम ने बताया कि राजेंद्र उनका इकलौता बेटा था। वह घर की आर्थिक स्थिति के मद्देनजर काम करने पानीपत गया था। उसने शीघ्र ही घर पर आने की बात कही थी। उन्हें नहीं पता था कि वह नहीं उसकी मौत की खबर आएगी। वहीं राजेंद्र के तीन बच्चे हैं। इनमें दो पुत्र एवं एक पुत्री हैं। उसकी मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठा गया। उसकी पत्नी मीनादेवी का रो-रोकर बुरा हाल है।