एटा। बुखार से पीड़ित एक बच्चे को दवा दिलाने के लिए परिवारीजन ले गए, लेकिन डॉक्टर के दवा देने के बाद बच्चे की तबियत बिगड़ गई। परिजन जब तक किसी दूसरे डॉक्टर के पास ले जाते तब तक उसकी मौत हो गई। परिजन गलत दवा देने से बच्चे की मौत होने का आरोप लगा रहे हैं। बच्चे के चाचा की ओर से तहरीर देकर डॉक्टर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना पिलुआ के गांव गंभीरपुर निवासी सतीश चंद्र पुत्र सुखराम सिंह अपने भतीजे विजय (11) को गांव भदवास में क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर वसीम खां निवासी सिकंद्राराऊ, हाथरस के पास बुखार आने पर दवा दिलाने ले गए थे। डॉक्टर की ओर से दवा दी गई तो उसको आराम नहीं मिला। आरोप है कि डॉ. वसीम ने गलत दवा और इंजेक्शन लगा दिया, इसकी वजह से बच्चे की तबियत बिगड़ गई, परिवारीजन बच्चे को इलाज के लिए दूसरी जगह भी नहीं ले जा पाए। डॉक्टर के क्लीनिक पर ही बच्चे ने दम तोड़ दिया, इसके बाद नाराज परिवारीजनों की ओर से क्लीनिक पर हंगामा किया गया।
हंगामा बढ़ता देख डॉक्टर मौके से भाग गया। घटना 26 अक्तूबर की देरशाम की बताई जा रही है। मृतक बच्चे के चाचा सतीश चंद्र की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम में मौत होने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, बिसरा सुरक्षित रख गया गया है। पुलिस बिसरा की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई करेगी।