अवागढ़। कस्बा के मोहल्ला तिवारियान में मां दुर्गा मंदिर के सामने मैदान में आयोजित विराट दंगल के चौथे दिन 26 कुश्ती लड़ी गईं। इनमें 51 हजार रुपये की कुश्ती अयोध्या के पहलवान पागल बाबा ने जीती। उनका मुकाबला मेरठ के पहलवान वोल्टा से हुआ। दंगल के चौथे दिन मुख्य अतिथि भारत केसरी रामेश्वर पहलवान हाथरस रहे। दंगल में चौथे दिन भी पागल बाबा का दबदबा देख दर्शक दंग रह गए। दूसरी कुश्ती 21 हजार रुपये की अवागढ़ के पहलवान सौरभ और हाथरस के विकास के बीच हुई। जिसमें सौरभ विजेता रहे। 11 हजार रुपये इनाम की कुश्ती काफी रोचक रही। इसमें हरियाणा की महिला पहलवान निर्जला और आगरा के पुरुष पहलवान देव के बीच हुई।
इसमें निर्जला ने मात्र दस मिनट में देव को परास्त कर दिया। एक अन्य 11 हज़ार रुपये इनाम की कुश्ती हाथरस के पहलवान मोनू और कौशांबी के पहलवान सतीश के बीच हुई। इसमें मोनू विजेता रहे। पांच हजार रुपये इनाम की कुश्ती सादाबाद के पहलवान कुलदीप और मथुरा के पहलवान हरेंद्र के बीच हुई।
दंगल में कार्यक्रम के आयोजक एवं श्रवण गंगा सेवा समिति के सचिव पूर्व जिला पंचायत सदस्य सूर्यप्रताप सिंह सूरज, गौरव ठाकुर, सुमित ठाकुर, शशिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।