एटा। प्रशासन ने शहर के प्रमुख बाजारों को कोरोना संक्रमित की मौत के बाद मंगलवार की देर शाम 14 दिन के लिए सील कर दिया है। इसमें घंटाघर, हाथी गेट, मेहता पार्क आदि शामिल हैं। साथ ही इलाके को कंटेंटमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।
घंटाघर निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति को सैफई में इलाज के दौरान कोरोना की पुष्टि हुई थी, जहां रविवार की देर रात उसकी मौत हो गई, सोमवार को उसका श्मशान घाट पर डॉक्टरों की टीम की निगरानी में अंतिम संस्कार किया गया।
मंगलवार देर शाम प्रशासन ने जीटी रोड की ओर से घंटाघर और हाथी गेट को सील कर दिया, जबकि पीछे मेहता पार्क की ओर से बल्लियां लगाकर इलाका सील कर दिया। वहीं इन बाजारों में निकलने वालीं गलियों को भी बंद करा दिया गया है।
पूर्व में बाबूगंज खुल गया था
-पूर्व में बाबूगंज बाजार में कोरोना संक्रमित निकल आया था। वहीं ठंडी सड़क और जीटी रोड पर भी डॉक्टर संक्रमित निकले, उस वक्त प्रशासन ने दो दिन बाजार बंद रखा, उसके बाद खुलवा दिया गया था, व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार भी बाजार जल्द खुल जाएगा। हालांकि जिलाधिकारी सुखलाल भारती का कहना है कि इलाका 250 मीटर की परिधि के बाहर रहा होगा। इसलिए खोला गया होगा।
कराया जाएगा सैनिटाइजेशन
शहर के घने बाजार और आसपास के मोहल्लों में सैनिटाजेशन कराया जाएगा। बुधवार को पालिका और फायरकर्मियों के माध्यम से इलाके का सैनिटाजेशन कराया जाएगा, वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा इलाके में सर्वे कर संदिग्धों की पहचान और सैंपलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
आवश्यक छोड़कर किसी तरह की गतिविधि की इजाजत नहीं होगी
कोरोना संक्रमित निकलने के कारण शासन की गाइड लाइन के अनुसार हाथी गेट, घंटाघर और मेहता पार्क आदि का 250 मीटर का इलाका कंटेंटमेंट जोन घोषित करते हुए सील कर दिया गया है। व्यस्त बाजार हो या अन्य क्षेत्र गाइडलाइन के अनुसार 14 दिन तक सील रहेंगे। इस दौरान आवश्यक छोड़कर किसी तरह की गतिविधि की इजाजत नहीं होगी। सुखलाल भारती, डीएम