एटा। होली मोहल्ला निवासी मृतक हेयर ड्रेसर की बेटी सहित उसकी चाची को कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं अलीगंज के सराय अगहत निवासी एक युवक में संक्रमण मिला है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा तीनों को बागवाला स्थित कोविड-19 अस्पताल में देर रात भर्ती कराया गया। जिले में अब मरीजों की संख्या 14 हो गई है।
शहर के मोहल्ला होली मोहल्ला निवासी हेयर ड्रेसर की बीते दिनों आगरा के पुष्पांजलि हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। उसे कोरोना की पुष्टि हुई थी। इस पर उसके संपर्क में आए 9 परिजनों को एक क्वारंटीन सेंटर पर रखा गया था, जहां सभी के सैंपल 4 दिन पूर्व अलीगढ़ जांच को भेजे गए थे।
रविवार की देर शाम आई रिपोर्ट में हेयर ड्रेसर की बेटी व उसकी चाची को कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं सराय अगहत निवासी एक युवक गैर प्रांत से लौटकर बीते दिनों वापस आया था, जहां स्वास्थ्य विभाग द्वारा उसे क्वारंटीन कराया था, उसे भी कोरोना की पुष्टि हुई है। होली मोहल्ला निवासी किशोरी थैलीसीमिया रोग से ग्रसित है ।
उसे जिला अस्पताल में 16 मई व 23 मई को आइसोलेशन वार्ड में ब्लड चढ़ाया गया है। सीएमओ डॉ. अजय अग्रवाल ने बताया कि जिले में तीन कोरोना पॉजिटिव के केस सामने आए हैं। इसमें शहर के मोहल्ला होली निवासी एक किशोरी हुआ उसकी परिवार की चाची हैं। वहीं सराय अगहत निवासी एक युवक को कोरोना की पुष्टि हुई है। तीनों को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।